पानीपत/सनौली। वाहन चोरों ने मंगलवार और बुधवार को 24 घंटे में पांच वारदात अंजाम दे दिया। चोरों ने चार बाइकें और एक कार उड़ा दी। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली वारदात सेक्टर-25 की है। कृष्णपुरा निवासी मोहित की बाइक पर वाहन चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में मोहित ने बताया कि मंगलवार को दोपहर सेक्टर-25 स्थित मित्तल मॉल में वह काम से गए थे। काम कर लौटे तो उनकी बाइक नहीं मिली। दूसरी वारदात सनौली कलां गांव में हुई। वाहन चोरों ने घर के बाहर खड़ी इंडिगो कार पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने सनौली कलां गांव निवासी अनूप की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि रात में घर के बाहर कार खड़ी की और सुबह सात बजे कार चोरी मिली। तीसरी वारदात कश्यप कॉलोनी की है। पुलिस को दी शिकायत में शक्ति नगर निवासी मुकुल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को कश्यप कॉलोनी में अपने प्लॉट पर गया था। जहां एक कमरा भी बनाया है। वहां अपनी एक्टिवा खड़ी कर घर आ गया था। सुबह एक्टिवा चोरी मिली। चौथी वारदात बुधवार की है। सिवाह गांव निवासी वकील महावीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तहसील था और बाइक वकीलों के स्टैंड में खड़ी थी। कुछ देर बाद जब स्टैंड पर लौटा तो बाइक चोरी मिली। पांचवीं वारदात कलंदर चौक की है। पुलिस को दी शिकायत में दलबीर नगर निवासी सागर ने बताया कि बुधवार को कलंदर चौक पर सामान लेने गया था। सामान लेकर लौटा तो बाइक नहीं थी।