बापौली। गांव बापौली में पानी निकासी के लिए सीवर लाइन दबाने का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार सड़क उखाड़कर पत्थरों को सड़क किनारे डाल दिया है। जहां राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष बना हुआ है।
ग्रामीण ऋषिपाल रावल, वेद प्रकाश, तिलक राज, बिल्लू रावल, प्रेम, नीरज, विशंभर रावल, नरेश, दलवीर ने कहा कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए नहीं तो मजबूर होकर तहसील कार्यालय पर धरना देंगे। ग्रामीणों ने इसको लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से ठेकेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि ठेकेदार द्वारा सीवरलाइन डालने का काम किया जा रहा है, उसने सड़क को तो उखाड़ दिया लेकिन दोबारा से उसे ठीक नहीं कर रहा है। अगर कोई इस बारे में ठेकेदार के कर्मचारियों से बात करना चाहे तो एक ही जवाब मिलता है कि उनका काम सड़क उखाड़कर सीवर लाइन दबाने का है। दोबारा पत्थर लगाने का काम उनका नहीं है। इस बारे में ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की है कि सड़क को ठीक कराया जाए । सड़क के बीचो-बीच गड्ढे खोदे जाने के कारण रास्ता पूर्णतया बंद हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे, इसे लेकर उच्च अधिकारियों से मिलेंगे। इसकी शिकायत लिखित में उच्च अधिकारियों को देंगे और सीएम विंडो पर भी इसकी शिकायत करेंगे।