पानीपत। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से मंगलवार रात चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें जिले के 25 युवाओं ने सफलता हासिल की है। जिले से 299 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। वहीं 10 विद्यार्थियों ने पहले अवसर में ही सफलता पाई है। आईसीएआई की एनआईआरसी की पानीपत शाखा के अध्यक्ष सीए अंकुर बंसल ने बताया कि परीक्षा में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप जावा पैलेस वासी अदिति गांधी ने जिले में प्रथम, मॉडल टाउन के समर्थ ने द्वितीय और सनौली रोड के समीप गंगापुरी रोड वासी जिनेश जैन ने तृतीय स्थान पाया है। इसके अलावा फाइनल परीक्षा में कुल 299 विद्यार्थियों में से 51 विद्यार्थियों ने दो ग्रुपों में से एक ग्रुप की परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो आगामी मई में होने वाली दूसरे ग्रुप की परीक्षा में शामिल होंगे। यदि ये विद्यार्थी दूसरा ग्रुप भी उत्तीर्ण कर लेते हैं तो जिले को 51 सीए और मिल जाएंगे।
सीए अंकुर बंसल ने बताया कि आईसीएआई हर साल नवंबर व मई में सीए की परीक्षा आयोजित करवाता है। इस वर्ष नवंबर में हुई परीक्षा का फाइनल परिणाम मंगलवार को जारी किया गया। पानीपत शाखा के पदाधिकारियों ने नए चार्टर्ड अकाउंटेंट और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी।
परिणाम में जिले के टॉप-5 सीए-
नाम प्राप्त अंक
1. अदिति गांधी 566
2. समर्थ जैन 479
3. जिनेश जैन 452
4. विशेष अरोड़ा 451
5. अतुल श्रीवास्तव 435
चार्टर्ड अकाउंटेंट की फाइनल परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। इसमें जिले के 299 युवाओं में से 25 युवा सीए बने हैं। दुनिया भर में चार्टर्ड अकाउंटेंटों के लिए असीमित अवसर हैं। इसलिए वैश्विक अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों को सीए कोर्स करना चाहिए। नए सीए बने युवाओं का हर तरह से मार्गदर्शन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का सपना सीए के सहयोगात्मक प्रयास से हासिल किया जा सकता है।
- सीए अंकुर बंसल, शाखा प्रधान, पानीपत।