संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। एसएस जैन सभा द्वारा रविवार को उत्सव गार्डन में शिक्षक दिवस व राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर जैन संत व पंडित रत्न शास्त्री उपेंद्र मुनि महाराज को राष्ट्रीय रत्न की उपाधि से विभूषित किया गया।
उपेंद्र मुनि ने कहा कि अभिभावक बच्चों के सामने शिक्षक की आलोचना न करें। इससे बच्चे अनुशासन हीन बनते है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अनुशासन और शिक्षकों के प्रति व्यवहार की नींव घर पर ही रखी जाती है। अभिभावक बच्चे के नकारात्मक रवैये को ठीक करें। सम्मान का पाठ पढ़ाएं। बच्चा मां बाप के प्रति रवैया गलत रखता है तो अध्यापक रोक देते है। माता-पिता को भी चाहिए वो अध्यापकों का सम्मान करने की प्रेरणा दे।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंचे मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर व पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, महामंडलेश्वर आचार्य कृष्ण चंद महाराज, जैन मुनि इंद्रेश, तपस्वी प्रशांत मुनि, युवा वक्ता सहदेव मुनि ने संत उपेंद्र मुनि को सम्मानित किया। समारोह में समालखा, पानीपत, सोनीपत सहित हरियाणा व दिल्ली से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म गुरुओं का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर एसएस जैन सभा समालखा के प्रधान वीर प्रकाश जैन, राज ऋषि, वेद प्रकाश जैन, जैनेंद्र जैन, अमित जैन, सोनू जैन, गौरव जैन व आशीष जैन मौजूद रहे।