अंबाला सिटी। शहरवासी अपनी संपत्तियों का स्व-सत्यापन नगर निगम की अधिकृत वेबसाइट पर जाकर करें। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत ने बताया कि स्व-सत्यापन कराने से उनकी संपत्ति की जानकारी सुरक्षित रहेगी और उसे केवल आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से देखा जा सकेगा।
उन्हाेंने बताया कि इससे उनके व्यक्तिगत डाटा की गोपनीयता बनी रहेगी और उनकी संपत्ति से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रहेगी, इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर संपत्ति कर में दी जाने वाली छूट का लाभ केवल उन्हीं संपत्तियों को मिलेगा, जिनका स्व-सत्यापन पोर्टल पर किया गया होगा, इसलिए सभी संपत्ति धारकों से अनुरोध है कि वह अपनी संपत्ति का विवरण वेबसाइट पर दर्ज करें और स्व-सत्यापित करें, ताकि उन्हें किसी भी योजना या छूट से वंचित न होना पड़े।उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों के पास नगर निगम क्षेत्र में खाली प्लॉट हैं, वह अपनी संपत्ति की जानकारी पोर्टल पर अवश्य अपडेट करें। इससे भविष्य में संपत्ति के खरीद-फरोख्त में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और वह समय पर संपत्ति कर का भुगतान भी आसानी से कर सकेंगे।