पानीपत। गांव कुराड़ के पास मंगलवार की सुबह पांच बजे सड़क किनारे दौड़ लगा रहे दो दोस्तों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। मौके पर जुटी राहगीरों की भीड़ ने हादसे की सूचना डायल-112 पर दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा दोनों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गांव कुराड़ निवासी रामनिवास ने बताया कि उनका लड़का अंकित (21) आर्मी में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। इसके लिए वह प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने जाता था। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह चार बजे वो घर से निकला था। इसके बाद गांव के ही रवि-21 पुत्र कश्मीरी को लेकर छाजपुर बाईपास रोड पर गांव कुराड़ के पास पहुंचा। इस दौरान सुबह 5:15 बजे के करीब देशवाल अकादमी के पास मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने दौड़ लगा रहे दोनों युवकों को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। तभी वहां दौड़ लगाने वाले अन्य युवकों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। आरोपी वाहन चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है, आगामी कार्रवाई की जा रही है।
- महाबीर सिंह, प्रभारी, सनौली थाना