पानीपत। ऑल हरियाणा पाॅवर काॅरपोरेशन वर्कर यूनियन सब यूनिट सनौली रोड ने बिजली निगम उप मंडल अधिकारी सनौली रोड के कार्यालय के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को हल न करने के कारण लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रदर्शन की अध्यक्षता उप प्रधान सुरेंद्र वर्मा और संचालन यूनिट सचिव बलराम राणा ने किया।
यूनिट कैशियर महिपाल ने कहा कि उपमंडल अधिकारी का रवैया कर्मचारी विरोधी है। कर्मचारियों के पास काम करने के लिए उपकरण भी नहीं है और अधिकारी को काम समय पर चाहिए। अधिकारी कर्मचारियों को प्रताड़ित करने के लिए गलत तरीके से कर्मचारियों को चार्जशीट कर रहा है। जिससे कर्मचारी सहन नहीं करेंगे। राज्य उप प्रधान जितेंद्र सैनी ने कहा कि कर्मचारी तीन दिन से अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही बल्कि उल्टा कर्मचारियों को कार्यालय से 200 मीटर दूर जाने का आदेश जारी कर दिया। जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने अधिकारी को चेतावनी देते हैं कि दिनांक 26 अगस्त तक अगर कर्मचारियों की समस्या हल नहीं होती तो कर्मचारी 27 अगस्त से कार्यालय के बाहर पूरा दिन प्रदर्शन करेंगे।
जितेंद्र सैनी ने ये भी कहा है कि एसडीओ ने बयान दिए हैं कि उन्होंने कर्मचारियों की मांगे मान ली हैं। वे इस बात का खंडन करते हैं। उन्होंने कहा कि एसडीओ ने ये गलत बयान दिया है। उनकी एसडीओ से ऐसी कोई बातचीत तक नहीं हुई। इसका फैसला 26 या 27 अगस्त को हो जाएगा। प्रदर्शन को प्रमोद शर्मा, मेहर सिंह, कटार सिंह, दलेल शर्मा, नरेंद्र, मनोज कुमार, सौरभ ने संबोधित किया।