इसराना। केंद्रीय विद्युत और आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल शनिवार को गोद लिए नौल्था गांव पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और ग्राम सचिवालय से श्मशान घाट तक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है। नौल्था सहित छह चयनित गांवों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और जहां बजट की आवश्यकता है, वहां हर संभव सहयोग दिया जाएगा। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांव के ग्राम सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्राम विकास कमेटी के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और परियोजनाओं के लिए बजट की आवश्यकता है तो उनकी प्रस्तावित योजनाएं शीघ्र तैयार कर भेजी जाएं। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि ग्राम सचिवालय का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य दो माह में पूरा होने की उम्मीद है। मंत्री ने पार्क व योगशाला के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। शिवधाम व गांव के रास्तों का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि फिरनी की सड़क व नालों का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है। इस पर मंत्री ने आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि स्कूल भवन से संबंधित कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। स्ट्रीट लाइट का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। डिजिटल लाइब्रेरी का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। मंत्री ने गांव के तालाब से संबंधित निर्माण कार्य की समीक्षा की।
ग्रामीणों ने सीवर और नाले की मांग उठाई
ग्रामीणों ने गांव में सीवरेज व्यवस्था लागू कराने और नाले की मरम्मत के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग रखी। समीक्षा बैठक में स्टेडियम निर्माण, अधूरे कम्युनिटी हॉल तथा बीसी चौपाल के लिए भी फंड उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई। मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। मंत्री ने ग्राम सचिवालय में संचालित सिलाई केंद्र और श्मशान घाट का निरीक्षण किया, इसके साथ ग्रामीणों की समस्या सुनी। इस मौके पर एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट मौजूद रहे।