पानीपत। थाना चांदनी बाग क्षेत्र के धूप सिंह नगर में मानसिक तनाव में आए युवक राजेश 35 ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह उनका शव किराये के मकान में फंदे पर लटका मिला। थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच की। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। चांदनीबाग थाना प्रभारी महिपाल सिंह बताया कि बुधवार सुबह को सूचना मिली थी कि धूप सिंह नगर में एक युवक ने फंदा लगा लिया है। तुंरत ही जांच के लिए टीम मौके पर भेजी। जांच में पता चला कि मूल रूप से यूपी के कौशांबी जिला निवासी राजेश धूप सिंह नगर में परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर फैक्टरी में काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि राजेश काफी समय से मानसिक रूप से तनाव में थे। जिस कारण उन्होंने फंदा लगा लिया। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। ब्यूरो