पानीपत। सीआईए टू पुलिस ने राज नगर में मामूली कहासुनी के बाद भांजे ओसीन (18) को गर्दन पर चाकू मारकर हत्या करने के फरार आरोपी मामा को ढाई महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के चंपारण जिले के चैनपुर ढाका निवासी अफसर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है और शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया।
सीआईए टू प्रभारी सुमित सरोहा ने बताया कि थाना माॅडल टाउन की आठ मरला चौकी में गुलनाज खातून निवासी चैनपुर ढाका पूर्वी चंपारण बिहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा ओसीन अंसारी तीन साल से अपने मामा अफसर अंसारी के साथ राज नगर में किराये पर रहता था। ओसीम मजदूरी का काम करता था। उसे पता चला कि बेटे ओसीन की मामा अफसर के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। कहासुनी की रंजिश में अफसर ने 18 अक्तूबर की देर रात करीब 11:30 बजे कमरे की छत पर भांजे ओसीन की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। संवाद