इसराना। बुआना लाखु गांव में गनौर रोड पर शनिवार देर रात कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक की पीजीआई खानपुर में उपचार के दौरान मौत हुई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शाहपुर के जितेंद्र ने बताया कि उसका साला सागर निवासी गढ़ी उजाले खां गांव करीब आठ वर्ष से उसके पास शाहपुर गांव में रह रहा था। शनिवार को सागर अपनी बाइक पर सवार होकर गनौर से शाहपुर लौट रहे थे। जैसे ही वह एक निजी कॉलेज के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने सागर की बाइक को टक्कर मार दी। साइड लगने से उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में उसके साले सागर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार आशीष वासी बुआना लाखु गांव की मौत पीजीआई खानपुर में उपचार के दौरान हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। जितेंद्र की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।