समालखा । समालखा क्षेत्र में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जीटी रोड पर करंहस गांव के पास सड़क पार करते हुए अज्ञात वाहन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर किवाना गांव के पास टैंपो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
सड़क क्रॉस करते समय प्रवासी मजदूर की दुर्घटना में मौत हो गई। कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया। मृतक की पहचान जयकुमार निवासी सीताराम कॉलोनी, समालखा के तौर पर हुई है। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अस्पताल में भिजवाया और रविवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर मुकदमा दायर कर जांच शुरू कर दी है।
समालखा के वार्ड 16 की शिव कॉलोनी निवासी संजीव ने बताया कि वह पांच भाई बहन थे। वह मूल रूप से शामली के महरमपुर गांव के रहने वाले हैं। उसका बड़ा भाई जयकुमार (23) करहंस गांव में एक कंपनी में पैकिंग का काम करता था। शनिवार रात 10 बजे कंपनी में काम करने वाली एक महिला ने घर आकर बताया कि उसके बड़े भाई जयकुमार की सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। उन्होंने जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जय कुमार की मौत हुई है।
किवाना के पास युवक की मौत-
ढिंढार गांव से मोहित ने बताया कि गांव से दोस्त कर्मबीर व सचिन के साथ तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर समालखा की तरफ जा रहे थे। मोटरसाइकिल कर्मबीर चला रहा था। किवाना गांव में पेट्रोल पंप के पास टैंपो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। वह तीनों मोटरसाइकिल समेत नीचे गिरकर घायल हो गए। कर्मबीर के सिर में गंभीर चोट लगी। इससे उसकी मौत हो गई।