पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने वीरवार शाम को कैथ गांव के अड्डे पर दो युवकों को नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के पास 460 नशीले प्रतिबंधित पेंटाजोसिन लैक्टेट इंजेक्शन बरामद किए हैं। दोनों वीरवार को नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन लेकर पानीपत में बेचने के लिए आए थे। उनको कोई खरीदार नहीं मिला तो वापस जाने के लिए कैथ गांव के अड्डे पर सवारी के इंतजार में खड़े थे। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार शाम को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के दो युवक मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए कैथ गांव के अड्डे पर बैठे है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सामने दो युवक प्लास्टिक थैली में रखे बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान हरकेश उर्फ काला व देवेंद्र उर्फ देवा निवासी बुटाना गांव सोनीपत के रूप में बताई। पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्लास्टिक थैली को खोलकर देखा तो काफी संख्या में नशीले प्रतिबंधित पेंटाजोसिन लैक्टेट इंजेक्शन मिले। बरामद प्रतिबंधित इंजेक्शनों की गिनती करने पर संख्या 460 मिली।