बैंक में नकदी जमा कराने आए एक युवक को दो अन्य युवक बातों में उलझाकर 19 हजार की नगदी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। लेकिन पीछा करने पर युवकों ने मोबाइल वहीं फैंक दिया। पुलिस ने टालमटोल करने के बाद शिकायत ली।
पीड़ित गौरव ने बताया कि वह शंकर ट्रेडिंग कंपनी पर काम करता है। शुक्रवार को वह कंपनी से 18 हजार 800 रुपये पुराना बस अड्डा स्थित पीएनबी बैंक में जमा कराने के लिए पहुंचा। इस दौरान वहां खड़ा युवक फार्म भरने में सहयोग करने लगा। तभी वहां दूसरा युवक पहुंचा और बातचीत करते हुए बीमार होने की बात कहकर नीचे बैठ गया। फार्म भर रहे युवक के साथ वो उसे बैंक के पास ही जितेंद्र अस्पताल के सामने लेकर आ गए। तभी एक युवक ने कपड़े में लिपटी एक गड्डी से दो हजार का नोट निकाला और अस्पताल में पैसे देने के नाम पर उससे रुपये मांगने लगे। उसने मना किया तो दोनों युुवकों ने जबरदस्ती उससे रूपये और मोबाइल छीन लिया तथा कपड़े में लिपटी कागज की गड्ढी थमा कर भागने लगे। पीछा करने पर मोबाइल फोन छोड़कर भाग निकले। शिकायत देने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सब निरीक्षक जितेंद्र आंतिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।