समालखा/सनौली। यमुना नदी के संजौली घाट पर नहाने गए मच्छरौली गांव के दो मामा और उनके दिल्ली निवासी भांजे की कुंड में डूबने से मौत हो गई। भांजा दिल्ली से गर्मी की छुट्टी मनाने अपने मामा के घर आया था। एक महिला ने तीनों को पानी में डूबते हुए देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए। पुलिस को घटनास्थल पर खड़ी मोटरसाइकिल के नंबर से डिटेल लेकर परिजनों को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हादसा बुधवार की सुबह संजौली घाट पर हुआ। मच्छरौली गांव से एक युवक और दो किशोर बुधवार सुबह करीब साढे नौ बजे नहाने के लिए यमुना नदी के संजौली घाट पर गए थे। घाट के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर नदी में नहाने लगे। कुछ देर के बाद तीनों यमुना नदी के बने गहरे कुंड में डूबने लगे। नदी घाट पर खड़ी एक महिला ने उन्हें डूबता देखकर शोर मचाया। साथ ही 112 नंबर पर पुलिस को इसकी सूचना दी। तुरंत ही बापौली थाना पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गई।
ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से गोताखोर राकेश आर्य व उनकी टीम ने कुंड तीनों की तलाश की। छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सायं करीब चार बजे गोताखोरों ने तीनों के शव नदी से बाहर निकाले। शवों की शिनाख्त हिमांशु (17) निवासी मच्छरौली, नितिन (18) निवासी बड़ौत व अभि (10) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए शव नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
बॉक्स
मामा के घर आया था अभि
मच्छरौली का हिमांशु दो भाइयों में छोटा था। नीतिन मूलरूप से यूपी के बागपत का निवासी था। वह मच्छरौली में अपनी बुआ के घर रह रहा था। वह पांच भाई बहनों मे सबसे बडा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। वहीं अभि गर्मी की छुट्टी में अपने मामा के घर रहने के लिए आया था। बुधवार को वह तीनों बाइक पर सवार होकर नहाने के लिए संजौली घाट पर पहुंचे थे। जहां पर 18 फीट गहरे कुंड में डूबने से उनकी मौत हो गई।
वर्जन
यमुना नदी में नहाते समय कुंंड में डूबने से एक युवक और दो किशोर की मौत हो गई। शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। वीरवार को तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
-नीरज कुमार, प्रभारी, थाना पुलिस बापौली।