पानीपत। सीआईए वन पुलिस टीम ने काबड़ी रोड हरिनगर में घर से जेवरात चोरी के आरोपी युवक से सोने की दो बाली और चांदी के चार कुंडल बरामद किए हैं। पुलिस ने सोनीपत के महलाना गांव के अनिल को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया था। आरोपी आर्म्स एक्ट के एक अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद था। सीआईए वन प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि थाना पुराना औद्योगिक में काबड़ी रोड हरिनगर की सर्वजीत कौर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने वीरवार को आरोपी अनिल को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया था। आरोपी ने शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए घर से गहने चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी से सोने की दो बाली और चांदी की चार कुंडल बरामद कर शुक्रवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर न्यायालय में पेश किया। उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। पुलिस टीम ने आरोपी अनिल को छह अप्रैल को सेक्टर 13-17 में हैलीपेड के पास कट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।