भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र वर्मा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जाटल रोड स्थित सत करतार कॉलोनी में शुक्रवार की मध्यरात्रि को दो पक्षों में झड़प हो गई। इसमें एक पक्ष के भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र वर्मा को चोटें आई हैं। पुलिस ने सुरेंद्र वर्मा की शिकायत पर दो नामजद सहित करीब 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे पक्ष ने अपने ऊपर लगाए सब आरोपों को बेबुनियाद बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सत करतार कॉलोनी गली नंबर नौ निवासी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात अपने घर में सो रहे थे। जोरदार आवाज सुनकर वह बाहर आये तो देखा कि कुछ लोगों ने उनके मकान के रैंप पर अपनी गाड़ी चढ़ा रखी है। जिससे रैंप टूट गया। उक्त लोगों ने उनको गालियां देनी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने इसका विरोध किया तो कार के पास खड़े लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन दबा दी। वर्मा का कहना है कि शोर सुनकर उनकी मां बिमला देवी आई और उन्हें पकड़कर अंदर ले गई और गेट बंद कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गेट पर चढ़ने का प्रयास किया और गाली-गलोच की। आरोप है कि हमलावर रोहतक नंबर की गाड़ी में आए थे। काफी देर हंगामा होने के बाद वे लोग चले गए। इसके बाद सिविल अस्पताल मेें मेडिकल कराकर मामले की शिकायत आठ मरला चौकी पुलिस को दी गई।
वहीं दूसरी और गांव पूठर हाल निवासी मुखीजा कॉलोनी निवासी प्रवेश का कहना है कि वह अपनी कार में सवार होकर रात करीब साढ़े आठ बजे सब्जी लेने गया था। वापस लौटते समय सतकरतार कॉलोनी पहुंचा तो सामने से सांड दौड़ते हुए आ रहा था। सांड को बचाने के प्रयास में ही उसकी कार मकान के रैंप पर चढ़ गई थी। उस समय वह कार में अकेला था। उसने कार को निकालने के लिए घर पर फोन किया था। उसी समय बाइक पर आए सुरेंद्र वर्मा व एक अन्य ने गाड़ी रैंप पर चढ़ने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट की। उसने रैंप के नुकसान को ठीक करवाने की बात भी कही। प्रवेश ने बताया कि कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर घर से रिश्तेदार व परिजन वहां पहुंचे और झगड़ा होते देख बीच बचाव किया। उसके बाद वे लोग घर चले गए थे। प्रवेश ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए मारपीट के आरोप गलत हैं। पुलिस ने सुरेंद्र वर्मा की शिकायत के आधार पर 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र वर्मा ने कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। इस मामले में मुखीजा कॉलोनी निवासी प्रवेश व जनता कॉलोनी रोहतक निवासी वेदप्रकाश सहित करीब 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रवेश व वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राममेहर, प्रभारी, आठ मरला चौकी, पानीपत।