मतलौडा। उरलाना पुलिस ने गांव जीतगढ़ में युवक पर पिस्तौल से गोली चलाकर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अंकित निवासी पढ़ाना जींद और सन्नी निवासी आदियाना हाल गोहाना सोनीपत के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दोनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक इको स्पोर्ट कार और दो देसी पिस्तौल बरामद किए हैं।
थाना मतलौडा प्रभारी इंस्पेक्टर वजीर ने बताया कि थाना मतलौडा की उरलाना चौकी में गांव जीतगढ़ निवासी धर्मेंद्र ने शिकायत दी थी कि 28 जनवरी को एक इको स्पोर्ट कार उनके घर के बाहर आकर रूकी। कार सवार युवकों ने उस पर दो बार फायर किए लेकिन वह बच गया। धर्मेंद्र की शिकायत पर थाना मतलौडा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पिछले रविवार को आरोपी भूपेंद्र उर्फ भूपी निवासी आदियाना को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपी ने अपने साथी आरोपी अंकित निवासी पढ़ाना जींद, नीरज निवासी कथूरा हाल गौतम नगर गोहाना, सन्नी निवासी आदियाना हाल गोहाना सोनीपत के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वे चारों दोस्त है। वर्ष 2022 में दोस्त अंकित के बड़े भाई दीपक को लड़ाई झगड़े में धर्मेंद्र ने चाकू मार दिया था। चारों आरोपियों ने धर्मेंद्र से इसकी रंजिश रखते हुए जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम दिया। इंस्पेक्टर वजीर ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र उर्फ भूपी को जेल भेजने के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी नीरज को सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर बुधवार को आरोपी अंकित को टोल प्लाजा के पास से और आरोपी सोनू को सोनीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त दो देसी पिस्तौल व एक कार बरामद कर पूछताछ में बाद वीरवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।