पानीपत। बाबरपुर पुल पर बुधवार करीब 12 बजे दो युवकों ने एक युवक से बाइक छीन ली। आरोपियों ने युवक से संजय चौक से लिफ्ट ली थी और बाबरपुर के पास बाइक रुकवाई। तेजधार हथियार दिखाकर बाइक छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश के शामली जिले के जिजोला गांव निवासी कादिर ने बताया कि उसने 2023 में पल्सर बाइक बजाज फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस पर ली थी। इससे बुधवार शाम छह बजे वह गुरुग्राम से अपने गांव जिजोला जा रहा था। रात 11:50 बजे संजय चौक पर दो युवकों ने लिफ्ट मांगी। उसने उन्हें बैठा लिया। बाबरपुर पुल के ऊपर पहुंचा तो उन्होंने पुल के ऊपर बाइक रुकवाई और तेज धार हथियार दिखाकर उससे बाइक छीन ले गए। बाइक में दस्तावेज भी थे। सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी बिलासा राम ने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर स्नेचिंग का मुकदमा किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।