इसराना। पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर शाहपुर गांव के पास शनिवार की आधी रात में ट्रक चालक ने कार को ओवरटेक करने की कोशिश में टक्कर मार दी। इस दौरान कार ट्रक में भिड़ गई। हादसे में रोहतक निवासी हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत सब इंस्पेक्टर और उसके दोस्त की मौत हो गई। जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया।
इसराना थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया। क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाया गया। इसराना थाना पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है। रोहतक के चांद नगर निवासी समे सिंह ने बताया कि वह सेना से सेवानिवृत है। उसका बेटा राजीव (51) हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से वीआरएस ले चुका है। राजीव अपने दोस्त सतेंद्र निवासी उत्तम विहार, रोहतक व सुनील निवासी गांव समचाना, रोहतक के साथ शनिवार देर शाम को पानीपत निजी काम से जा रहा था। शाहपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद कार ट्रक में जा घुसी।
हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। दूसरे वाहन चालकों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी और कार सवार तीनों को एनसी मेडिकल कॉलेज में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। सतेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। सुनील की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। परिजनों ने बताया कि उनके पास शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे फोन आया था। वे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे।
इसराना पुलिस थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि शाहपुर के पास सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। एक युवक का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। आरोपी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।