समालखा। संत समागम को लेकर समालखा व गन्नौर बिजली निगम की ओर से अस्थायी तौर पर करीब 2500 किलोवाट के दो बिजली कनेक्शन लगाकर बिजली सप्लाई चालू की जाएगी। समालखा बिजली निगम को एक करोड़ से अधिक की राशि सिक्योरिटी के तौर पर जमा कराई गई है।
समागम की बिजली सप्लाई शहर के आश्रम फीडर जबकि आपात स्थिति में 33 केवी हलदाना फीडर के अंतर्गत भोडवाल माजरी फीडर से दी जाएगी। समागम की बिजली सप्लाई बाधित न हो इसे लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएंगी।
दूसरी ओर भोडवाल माजरी रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम के समय सोनीपत जीआरपी थाना प्रभारी व सोमवार को सोनीपत आरपीएफ की थाना प्रभारी ने दौरा करते हुए स्थिति का जायजा लिया और कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
शाम के समय रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के चलते आरपीएफ के पांच अधिकारी छह महिला कांस्टेबल व करीब 25 से 30 के आसपास कर्मचारी तैनात किए गए। स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। करीब 30 के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जबकि अन्य जगहों पर भी लगाने का काम चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाईवे पर संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 16 से 18 नवंबर संत समागम का आयोजन किया जा रहा है जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। गांव भोडवाल माजरी रेलवे स्टेशन पर इस बार 56 ट्रेनों का अस्थायी तौर पर कुछ देर के लिए ठहराव किया गया है। जिसमें विभिन्न राज्यों से ट्रेन में सवार होकर आने वाली साथ संगत काफी तादाद में समागम पहुंच रही है। सुरक्षा के चलते चाक चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं जिसको लेकर तकरीबन रोजाना जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारी दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं, स्टेशन पर 50 के आसपास सीसी टीवी कैमरे लगाए जाने हैं जिसमें सोमवार को कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया गया।
अब तक जगह-जगह करीब 30 के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उधर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। आने वाले समय में चप्पे-चप्पे पर अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। उधर समागम को लेकर एक होटल के मालिक ने बताया कि हाईवे पर तकरीबन सभी होटल बुक हो गए हैं जिनकी बुकिंग तीन महीने पहले कर दी गई थी। वहीं शहर में समागम के पहुंचने पर कुछ दुकानदारों ने कंबल आदि के स्टॉक कर लिए हैं।