बापौली और छाजपुर गंदे नाले के बीच सड़क हादसे में समालखा के विधायक धर्म सिंह छोक्कर के मामा के पोते और दोहते की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर पर सवार थे। रविवार सुबह 4 बजे सामने से आ रहे डंपर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पलट गया और नीचे दबने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
समालखा विधायक धर्म सिंह छोक्कर के भाई कंवर सिंह ने पुलिस को बताया कि गढ़ी रामकौर, कैराना में रहने वाले उनके मामा अतर सिंह का पोता रवि(29) और जलेडा, सहारनपुर निवासी उसका भांजा विकास(28) रविवार सुबह 4 बजे ट्रैक्टर पर कैराना जा रहे थे। रास्ते में ट्राली का पहिया खराब होने पर वह मिस्त्री ढूंढने के लिए वापस पानीपत की तरफ चले तो गांव छाजपुर गंदे नाले के पास सामने से आ रहे डंपर चालक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर लगने से ट्रैक्टर पलट गया और नीचे दबने से रवि और विकास दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
छोटे भाई के सामने बड़े भाई की मौत-
रवि के छोटे भाई दीपक ने बताया कि रवि और विकास ट्रैक्टर पर सवार थे, जबकि वह उनके पीछे वह बाइक पर चल रहा था। सामने से डंपर चालक तेज गति में आया और सामने से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। जिस वजह से असंतुलित होकर ट्रैक्टर पलट गया और रवि एवं विकास उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसने दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
रेत और बजरी का काम करते थे दोनों
दीपक ने बताया कि वे चार बहन भाई है, जिनमें रवि सबसे बड़ा था। जो पानीपत चाचा सतपाल के पास रेत-बजरी का काम करता था वहीं विकास दो भाइयों में सबसे बड़ा था। जो रवि के साथ मिलकर रेत बजरी का काम करता था।
सनौली थाना पुलिस ने रविवार को परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। वही अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
- एसआई राजबीर सिंह, सनौली थाना प्रभारी