पानीपत। लगातार हो रही बारिश से डेंगू व मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्लॉटों और खेतों में पानी भरा है। इसमें मच्छर पनप रहे हैं। सोमवार को जिले में डेंगू के दो नए केस मिले। खुखराना गांव में महिला व नोहरा में एक पुरुष डेंगू पीड़ित मिले हैं। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों के सैंपल निजी अस्पताल से स्वास्थ्य विभाग के पास आए थे। यहां लैब में हुई जांच में दोनों के सैंपल पॉजिटिव मिले। अब स्वास्थ्य विभाग ने नोहरा व खुखराना गांवों में एंटी डेंगू व मलेरिया लारवा एक्टिविटी तेज कर दी है। जिले में इस साल डेंगू के तीन और मलेरिया के दो केस मिल चुके हैं।
डेंगू व मलेरिया को कंट्रोल करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग की है। स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा रोगियों को स्वास्थ्य सेवाएं देने, स्लाइड तैयार करने व एंटी लारवा एक्टिविटी चलाने का है। नगर निगम की जिम्मेदारी खाली प्लॉटों से पानी निकालने और शहर में फॉगिंग कराने की है। इस बार नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग को दवा नहीं मिल पाई। तीनों विभागों में तालमेल की कमी के कारण हर बार डेंगू व मलेरिया पांव पसार लेता है। निगम ने प्लॉटों से पानी निकालने की प्रक्रिया तेज नहीं की है।
सोमवार को जिले में डेंगू के दो नए केस मिले। इसके साथ ही जिले में डेंगू मरीजों की संख्या तीन हो गई है। पूरे जिले में एंटी लारवा एक्टिविटी चलाई जा रही है। लोगों को डेंगू के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। बारिश में खाली प्लॉटों व अन्य स्थानों पर पानी भरा है। इससे परेशानी बढ़ गई है।
- डॉ. सुनील संदूजा, डिप्टी सिविल सर्जन