समालखा। मनाना गांव स्थित प्राचीन शिवालय में शिव परिवार की मूर्ति स्थापना समारोह पर रविवार को दो दिवसीय उत्सव शुरू हो गया। पहले दिन बैंड बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। सोमवार को मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों की स्थापना सके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
रविवार सुबह शिव सेवा मंडल द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिलाएं हरियाणा की पारंपरिक वेशभूषा में हरियाणवी गीतों पर नाचती गाती शिव मंदिर पहुंचीं। अपने सिर पर पवित्र कलश धारण कर कलश यात्रा में शामिल हुई। बैंडबाजे के साथ निकली कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर से शुरू हुई और गांव के चारों तरफ परिक्रमा कर वापस मंदिर में पहुंची।
शिव सेवा मंडल से जुडे पंडित सुरेश शास्त्री व ग्रामीण राजेश दिलबाग राठी, सतीश,मुकेश राठी,पंडित मोनू व कुलदीप सिंह ने बताया कि सोमवार 21 जुलाई को शिव परिवार की भव्य मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। इसके लिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया है। सोमवार को सुबह आठ बजे हवन किया जाएगा। इसके साथ मूर्ति स्थापना की जाएगी। फिर दोपहर 12 बजे भंडारा शुरू किया जाएगा। यह प्रभु इच्छा तक चलेगा।