समालखा। दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की रात को दिल्ली से कटरा जा रही उत्तर संपर्क क्रांति ट्रेन की चपेट में आने से समालखा के दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों एक अन्य दोस्त की बर्थ-डे पार्टी से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। जीआरपी ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसा शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे का है।
समालखा रेलवे लाइन पार स्थित राजस्थान कॉलोनी निवासी श्याम लाल (25) और सागर (22) अपने एक दोस्त की बर्थ-डे पार्टी से लौट रहे थे। इस दौरान समालखा रेलवे स्टेशन से कुछ आगे मनाना फाटक के पास लाइन पार कर अपनी कॉलोनी में जाने लगे। तभी दिल्ली-कटरा उत्तर संपर्क क्रांति ट्रेन तेज गति से आई और दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों देर रात तक घर नही पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस बीच उन्हें पता चला कि मनाना फाटक के पास दो युवक ट्रेन की चपेट में आए हैं। उन्होंने जीआरपी से संपर्क किया और दोनों के शवों की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि श्यामलाल दो बेटियों का पिता और सागर अविवाहित था। इससे पहले ट्रेन के ड्राइवर ने हादसे की सूचना समालखा रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को सिविल अस्पताल पानीपत स्थित शवगृह में रखवाया। जीआरपी ने शनिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।