पानीपत। गोहाना रोड स्थित विशाल स्पिनिंग मिल के गोदाम में आग लग गई। फैक्टरी में काम कर रहे वर्करों ने मालिक व दमकल विभाग को सूचना दी। 10 से 15 मिनट में दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर करीब 5:50 बजे काबू पाया। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है।
विशाल गुप्ता ने बताया कि उनकी गोहाना रोड पर विशाल स्पिनिंग मिल है। शनिवार को सभी फैक्टरी में काम कर रहे थे। दोपहर करीब पौने एक बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में आग लग गई। गोदाम में धागा और कंबल से तैयार माल पड़ा था। उन्होंने पहले फायर सेफ्टी सिलिंडर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बढ़ती गईं। इसके बाद दमकल को सूचना दी। दमकल के लालबत्ती से दो, हाली पार्क से तीन, हुडा से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और शाम 5:50 बजे तक आग पर काबू पाया। आग से माल जलकर राख हो गया और इमारत को भी भारी क्षति पहुंची।