संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। थाना शहर गोहाना की पुलिस ने ब्लैक में यूरिया खाद बेचने के आरोप में गांव पसीना खुर्द पानीपत निवासी मनोज एवं गांव ईस्माइला जिला रोहतक निवासी सुनील को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बुधवार को उप मंडल कृषि अधिकारी राजेन्द्र ने थाना शहर गोहाना में शिकायत दी थी उनकी टीम ने मिनी बाई पास भनभौरी मंदिर के पास खाद से भरे एक ट्रक को रोककर चैक किया। ट्रक को चैक करने पर उसमें नीम कोटिड यूरिया खाद जो कि किसानों को खेती के लिए दिया जाना था लोड हुआ था।
ट्रक चालक से ट्रक में लोड यूरिया खाद के बैगों की संख्या व दुकान जिससे वह भरकर लाया था और जिस स्थान पर ले जाना था बारे पूछताछ पर बतलाया कि वह सुनील से उसके सेल्स आफिसर मनोज के कहने पर भरकर ले जा रहा था। इस ट्रक में 600 बैग नीम कोटिड यूरिया के भरे थे।
जांच में पता चला कि यूरिया ब्लैक में ले जाई जा रही है। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।