खेत में खराब पड़ी धान की फसल और जमा केमिकल युक्त पानी। स्रोत : किसान
- किसान ने फैक्टरी मालिक पर लगाया आरोप, सीएम विंडो पर दी शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। इसराना के किसान जयदीप की डेढ़ एकड़ में खड़ी धान की फसल खराब हो गई। खेत में अब भी डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा है। ऐसे में गेहूं की बिजाई नहीं हो पा रही है। किसान ने इसके आरोप नजदीक की एक फैक्टरी मालिक पर लगाए हैं। किसान का आरोप है कि फैक्टरी मालिक खुले में पानी छोड़ रहा है और दूषित पानी का प्रबंध नहीं किया जा रहा है। किसान ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। किसान ने इसकी सीएम विंडो पर शिकायत दी है।
जयदीप ने बताया कि उनके इसराना में परढाना रोड पर पानीपत-गोहाना रेल लाइन पर खेत है। उनके खेत के नजदीक करीब तीन एकड़ में फैक्टरी है। फैक्टरी मालिक पहले दूषित पानी ड्रेन में छोड़ता था। अब पानी उनके खेत में आना शुरू हो गया है। करीब डेढ़ एकड़ खेत में पानी घुस आया है। दूषित पानी के चलते उनकी धान की फसल खराब हो गई है। उन्होंने फैक्टरी मालिक से पानी रोकने को कहा तो उन्होंने अपने खेत का प्रबंध खुद करने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्टरी का पानी खेत में लगातार आ रहा है। ऐसे में उनके खेत की उपजाऊ शक्ति खत्म हो गई है।
मेरे संज्ञान में इस तरह का मामला नहीं आया है। ऐसी कोई शिकायत मिलती है तो मौका मुआयना कर कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप, एसडीओ, एचएसपीसीबी