पानीपत। सीआईए-2 ने बराना गांव में चौक से गो-तस्करी और युवक पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान आरोपी मनव्वर निवासी राणा माजरा और मुबारिक निवासी गढ़ी बेसिक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मनव्वर और मुबारिक के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, एक खोल व बाइक बरामद किया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मनव्वर ने गांव गढ़ी बेसिक निवासी अपने साथी आरोपी मुबारिक और गांव राणा माजरा निवासी शाकिर उर्फ मोनू के साथ मिलकर गो-तस्करी व जानलेवा हमला करने की वारदात स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी आरोपी शाकिर उर्फ सोनू के साथ मिलकर गो तस्करी की योजना बनाई थी। 13 नवंबर की देर रात दो देसी लोडेड पिस्तौल लेकर तीनों मनव्वर की बाइक पर सवार होकर गो तस्करी के लिए गांव बराना में चौक पर पहुंचे। वहां से गाय लेकर भागने लगे तो गांव वालों ने उन्हें देख लिया। शोर मचाते हुए गांव वाले पीछे भागे तो आरोपियों ने पिस्तौल से हवाई फायर भी किया। इसके बाद गाय को रास्ते में छोड़कर तीनों आरोपी बाइक सहित फरार हो गए थे।