इसराना। सीआईए टू पुलिस टीम ने मांडी गांव के पास स्थित ओम ईंट भट्ठे पर साथी श्रमिक के कमरे से 80 हजार की नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को शनिवार देर शाम को अनाज मंडी के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान किलोली गांव आसानंदपुर बरेली यूपी निवासी भागीरथ व पप्पू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 11 हजार रुपये बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
सीआईए टू प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों भाई करीब चार महीने से मांडी गांव के पास स्थित ओम भट्टे पर लेबर का काम कर रहे थे। भट्ठे पर जलाई का काम करने वाले राजकुमार ने मालिक से 80 हजार रुपये लेकर अपने कमरे पर बैग में रखे थे। उन दोनों को भी इसकी जानकारी थी। शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उन दोनों ने मिलकर सात अप्रैल की रात राजकुमार के कमरे से नकदी चोरी कर भाग गए थे। चोरी की वारदात के बारे में थाना इसराना में राजकुमार निवासी पुरे वाजपेयी मौजा रायबरेली की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज है। संवाद