पानीपत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की इंजीनियरिंग ट्रेड में दाखिला लेने पर छात्राओं को 500 रुपये प्रति माह प्रोत्साहन राशि मिलेगी। कौशल विकास एवं औद्याेगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से यह कदम इन ट्रेड में छात्राओं के दाखिले को बढ़ाने के लिए उठाया गया है, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में ज्यादा महिला कर्मचारियों को काम के अवसर मिल सके।
डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी इस मांग को पूरा करने के लिए विशिष्ठ आईटीआई इंजीनियरिंग ट्रेड में दाखिला लेने वाली छात्राओं को विभाग 500 रुपये प्रोत्साहन राशि देगा। 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि उन प्रशिक्षणार्थियों को मिलेगी जो हरियाणा राज्य के स्थाई निवासी हैं। प्रत्येक तिमाही में उसकी कक्षा में हाजिरी कम से कम 80 प्रतिशत होनी आवश्यक है। जिन ट्रेडों में दाखिला लेने पर महिलाओं को यह राशि दी जाएगी उनमें मैकेनिक टू एंड थ्री व्हीलर, कार पेंटर, मशीनिस्ट ग्राइडर, टूल एंड डाई मेकर, फीटर, मशीनिस्ट, पलंबर, वेल्डर, टर्नर, मैकेनिक डीजल इंजन, मैकेनिक वेल्डर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, टूल एंड डाई मेकर जैसी ट्रेड शामिल हैं।