पानीपत। यमुना और आसपास के क्षेत्र में अवैध खनन की गाज थाना सदर और सनौली चौकी प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर गिर गई है।
एसपी ने एसएचओ और चौकी प्रभारी समेत एक पीसीआर और एक राइडर पर तैनात सभी 12 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने इन पर रेत खनन न रोक पाने पर यह कदम उठाया है।
यमुना और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है।
एसपी पारुल कुश जैन ने गत दिनों संबंधित थाना और चौकी इंचार्ज को अवैध खनन रोकने के आदेश दिए थे। थाना और चौकी प्रभारियों ने आदेशों की पालना करने का भरोसा दिलाया था, बावजूद इसके यमुना और उसके आसपास अवैध खनन जारी था।
एसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों ने रात को मौका मुआयना किया और कई तरह की अनियमितता पाई गई। पुलिस को कई जगह रात को ट्रैक्टर-ट्रालियों में अवैध रूप से रेत को लाते पकड़ा। इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए एसपी ने मंगलवार को सख्ती दिखाई।
एसपी पारुल कुश जैन ने सदर एसएचओ इंस्पेक्टर संदीप और सनौली चौकी प्रभारी चरण सिंह को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा पीसीआर नंबर आठ पर तैनात एएसआई सुरेश, कर्मबीर, राजेंद्र, ईएचसी पंकज, सिपाही संदीप और सुनील और राइडर नंबर 26 पर तैनात ईएएसआई जगबीर, प्रेमदत्त, ईएचसी बीर सिंह व सिपाही सतीश को भी सस्पेंड कर दिया।
पुलिसकर्मियों में खलबली
एसपी के एक साथ एसएचओ और थाना प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों के सस्पेंड करने पर खलबली मच गई है। कई पुलिसकर्मियों की धड़कन बढ़ गई है और नौकरी बचाने की चिंता सताने लगी है। एसपी पारुल कुश जैन का रुख ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को लेकर पहले दिन से ही कड़ा रहा है। वे किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सहन नहीं करती।