मतलौडा। पानीपत-जींद रोड पर भालसी गांव के पास गेहूं से भरा ट्रक कार पर पलट गया। हादसे में हाईकोर्ट के वकील की मौत हो गई। वकील भारती विद्या निकेतन स्कूल के मालिक का इकलौता बेटा था। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद रोड पर एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। मतलौडा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। भालसी के पास स्थित भारती विद्या निकेतन स्कूल के मालिक रणधीर चोपड़ा का बेटा अक्षय (25) उर्फ गोल्डी पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत था। उसकी एक माह पहले ही शादी हुई थी। परिवार स्कूल में बने आवास में रहता था। वह सोमवार शाम साढ़े छह बजे अपनी कार से पानीपत किसी काम से जा रहा था। गांव से 200 मीटर निकलते ही कार पर गेहूं के कट्टों से लदा ट्रक पलट गया। लोगों ने कार की खिड़कियों को तोड़कर अक्षय को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल है। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मतलौडा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कार चालक अक्षय की मौत हो गई है। ट्रक चालक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।