पानीपत। जगदीश नगर में प्रेम विवाह के सात माह बाद नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए किला पुलिस थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रिया के चचेरे भाई शिवम ने पुलिस को बताया कि जगदीश नगर निवासी प्रिया उर्फ डोली (20) ने सात माह पहले कॉलोनी के ही मिंटू से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद ही मिंटू ने प्रिया से मारपीट शुरू कर दी थी। उसको प्रताड़ित किया जाता था और मायका में आने से भी रोक दिया। मिंटू उसको परिवार लोगों से भी बात नहीं करने देता था। इससे प्रिया बहुत परेशान थी। करीब 20 दिन पहले बाजार में प्रिया अपने मौसेरे भाई शिभू को मिली थी। उससे उसे बताया कि उसका पति उससे मारपीट करता था और दिनभर उससे काम करवाता है। मना करने पर उससे बुरी तरह मारपीट की जाती है। इसी से परेशान होकर प्रिया ने आत्महत्या कर ली। किला पुलिस थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।