पानीपत। शहर की देशराज कॉलोनी भावना चौक निवासी एक युवक ने बैंक कर्मियों से परेशान होकर शुक्रवार रात को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना तहसील कैंप पुलिस ने सुसाइड नोट व परिजनों के बयानों पर बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि संदीप (38) ने आईसीआईसीआई बैंक से लोन लिया था। पिछले साल उसका कामकाज बंद हो गया था। इसके बाद लोन की किश्त नहीं भर पा रहा था। इसे लेकर बैंक के कर्मी उसे आए दिन परेशान कर रहे थे। उसके घर पर नोटिस चस्पा करने के बाद बैंक कर्मी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। इससे तंग आकर उसने शुक्रवार शाम को घर पर कमरे में फंदा लगा लिया। शनिवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। तहसील कैंप थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवाया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
सरकार से गुहार, परिजनों पर न डालें दबाव, आरोपी बैंककर्मियों पर हो कार्रवाई
मृतक संदीप वर्मा ने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैंने अपने भाई दीपक कुमार के नाम से आईसीआईसीआई बैंक से एक लोन ले रखा था, जिसकी किश्त उसके बैंक खाते से ही कटती थी। पिछले करीब दो साल से मेरा काम काज बंद हो गया। मैंने बैंक वालों से बहुत बात की, लेकिन वे मेरे घर पर ताला लगाने की बात करते और मेरे घर पर आकर दबाव डालते रहे। इस दौरान मैनेजर शुभम और रिकवरी वाले हरीश मेरे परिवार वालों को डराते धमकाते, जिसकी वजह से मेरा पूरा परिवार परेशान है। इससे तंग आकर वह अपनी जान दे रहा है। इसकी वजह आईसीआईसीआई बैंक है और कोई नहीं। सरकार से प्रार्थना करता हूं कि मेरे परिवार पर कोई दबाव न डाले और आईसीआईसीआई बैंक पर उचित कार्रवाई करें। खास करके शुभम व हरीश पर। मैं अपनी मौत को खुद जिम्मेदार हूं और बैंक वालों की वजह से अपनी जान दे रहा हूं....। इसके नीचे संदीप के हस्ताक्षर और एक मार्च 2024 की तारीख मिली है।
एक अन्य पेज पर ये भी लिखा मिला-
एक दूसरे पेज पर संदीप के हस्ताक्षर संग लिखा है कि इस टाइम कृष्ण जो मरो क्लाइंट है, अपने अंकल के साथ मारने की धमकी दे रहा है। वह कहता है तुझे और तेरे परिवार को जान से मरवा दूंगा। आपसे प्रार्थना है कि मेरे परिवार को बचाओ और मेरे परिवार को सही हक दिलाओ। जबकि दूसरे अन्य नोट में नीचे लिखा है कि इसकी चांदनी बाग थाने में दरखास्त है। पवन सुनार के पास जो मुझे हर दिन कॉल करता है। रिश्वत के लिए उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाए.... जैसा कि सुसाइड नोट में लिखा मिला।