पानीपत। समग्र शिक्षा की ओर से हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जीटी रोड पर आयोजित पांच दिवसीय भाषा शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें 184 शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और संस्कृत के शिक्षण को रुचिकर बनाने, नवाचारी विधियां अपनाने और विद्यार्थियों के बहुभाषीय कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। एसीपी कुलभूषण जैन ने प्रशिक्षण सत्रों में कराई गई गतिविधियों की जानकारी दी।
समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू और जिला परियोजना समन्वयक मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने शिक्षकों को प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों को विद्यालयों में लागू करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण और व्यावसायिक विकास जरूरी है। संवाद