सनौली। सनौली-नवादा आर रोड पर पुरानी रंजिश में ट्रैक्टर चालक ने मोटर साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही मोटर साइकिल सवार युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर में आग लगा दी। पुलिस मामले जांच में जुट गई है।
नवादा आर निवासी राकेश व सुनील पक्ष में काफी समय से रंजिश चली आ रही है। जिसे लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। इसी बात पर राकेश अभी भी रंजिश रखे हुए था। बुधवार को सुनील अपने गांव के ही युवक बादल की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नवादा आर से सनौली खुर्द किसी फैक्टरी में काम पर जा रहा था। जैसे ही पुरानी खान के पास पहुंचे तो राकेश ने अपने ट्रैक्टर से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उसके बाद राकेश ने डंडे व तेजधार हथियार से वार करके सुनील को घायल कर दिया। इसकी सूचना पर सुनील के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद राकेश वहां से भाग गया। गुस्साए परिजनों ने उसके ट्रैक्टर में आग लगा दी। सुनील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही रंजिश चल रही है। जिस कारण बुधवार को भी उनके बीच मारपीट हुई। पूरे मामले की जांच की जा रही है।