पानीपत/बापौली। यमुना की तलहटी में तामशाबाद गांव के पास ट्रैक्टर पर स्टंट कर वीडियो बना रहे कुराड़ गांव के एक यू-ट्यूबर की मौत हो गई। खतरनाक खेल का लाइव वीडियो उसके दोस्त बना रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर बीच से टूट कर सीट के ऊपर आ गिरा। युवक के सिर और छाती पर ट्रैक्टर का हिस्सा गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दूसरे ट्रैक्टरों की मदद से ट्रैक्टर को अलग कर शव को बाहर निकाला। सनौली थाना पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
हादसा सोमवार सायं करीब साढ़े तीन बजे का बताया जा रहा है। कुराड़ गांव निवासी नीशू देशवाल (23) खेतीबाड़ी करता था और साथ ही यू- ट्यूब पर ट्रैक्टर स्टंट की वीडियो बनाता था। उसने यहां एचआर पीबी ट्रैक्टर टोचन के नाम से अकाउंट भी बना रखा था। उसके यू-ट्यूब पर 13 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब सात लाख फॉलोअर हैं। हरियाणा और पंजाब समेत कई प्रदेशों में उसके फॉलोअर हैं। वह सोमवार शाम को अपने आठ दोस्तों के साथ यमुना की तलहटी में तामशाबाद गांव के नजदीक वीडियो बना रहा था। वह अपना स्वराज ट्रैक्टर लेकर गया था। उसने यहां ट्रैक्टर के अगले दो टायरों को ऊपर उठाकर पिछले टायरों पर बैलेंस बनाने की कोशिश की। पिछले टायर रेत में धंस गए और आगे चल नहीं पाए। इसी दौरान ट्रैक्टर का अगला हिस्सा बीच में से टूट कर उसके ऊपर सीट पर गिर गया। यह हिस्सा नीशू की छाती और सिर में आ गिरा। उसके दोस्तों ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने दूसरे ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वर्जन :
पुलिस को यमुना क्षेत्र में स्टंट करते समय एक युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। इस मामले में परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। लोगों को स्टंट न करने के बारे में पुलिस जागरूक करती है।
संदीप सिंह, प्रभारी, सनौली थाना पुलिस।