पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के औद्योगिक एवं ऐतिहासिक नगरी में आगमन को लेकर आवश्यक तैयारियों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं संगीत शिक्षकों को जरूरी निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि नौ दिसंबर को पानीपत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहें हैं। उनके आगमन पर शिक्षा विभाग को कार्यक्रम में प्रभावी और गरिमामयी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने बारे निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिला शिक्षा विभाग ने विभिन्न निजी और सरकारी विद्यालयों के संगीत शिक्षकों के साथ बैठक की। डीईओ ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग प्रधानमंत्री के आगमन पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियों को लेकर गंभीर है ताकि सभी कार्यक्रम अच्छे से संपन्न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रम कोर्डिनेटर प्रदीप मलिक ने बताया कि इस समारोह के लिए जिला प्रशासन द्वारा मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए निजी और सरकारी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर प्रियंका कौशिक, नितिन, मेघा दीक्षित, तरुण, रिदम, अमृत कौर, रिजुल आदि मौजूद रहे।