पानीपत। रेलवे की ओर से रेलवे लाइन पर मरम्मत का काम चलने की वजह से शुक्रवार को दिल्ली पैरलल नहर के साथ रिफाइनरी रोड वाली रेलवे फाटक बंद रहेगी। ये फाटक सुबह आठ बजे से लेकर रात को आठ बजे तक कुल 12 घंटे के लिए बंद रखी जाएगी। इस दौरान रेलवे की ओर से जनहित में ये सूचना जारी करते हुए रूट डायवर्ट की जानकारी भी दी है। इस दौरान इस रोड से आवागमन करने वाले लोग बिंझौल फाटक या गोहाना रोड वाले रास्ते का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि इस रेलवे लाइन पर रेल गाडियों का आवगमन जारी रहेगा।
रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर रामेश्वर सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से इस रास्ते पर आने वाले रेलवे लाइन पर ओवर हाॅलिंग व सड़क रिपेयर का काम किया जाएगा। रेलवे की ओर से इस जानकारी को जनहित में जारी किया गया है। वहीं, जिला प्रशासन को भी ये जानकारी उपलब्ध कराई गई है। ताकि लोगों को आवागमन और बदले हुए रूट को लेकर कोई परेशानी न हो।