पानीपत। जिले के कॉलेजों में यूजी कक्षाओं में चल रही दाखिला प्रक्रिया के लिए दूसरे चरण में फीस जमा करवाने का रविवार को अंतिम दिन रहेगा। आखिरी दिन की जद्दोजहद से बचने के लिए काफी संख्या में युवा शनिवार को कॉलेजों में फीस जमा करवाने पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों में फीस जमा करवाने की होड़ रही। एक अनुमान के अनुसार दोनों वरीयता सूची में अब तक करीब 60 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।
अभ्यर्थी दूसरे चरण में 23 जुलाई तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। वहीं, दाखिले से वंचित विद्यार्थी 25 जुलाई को ओपन काउंसलिंग में शामिल होकर दाखिला ले सकेंगे। ओपन काउंसलिंग में मेरिट के आधार पर दाखिला होगा। शहर के तीनों प्रमुख एडेड कॉलेजों में 15-15 फीस काउंटर बनाए गए हैं ताकि युवाओं को फीस जमा करवाने में कोई असुविधा न हो। वहीं देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय समेत अन्य कॉलेजों में युवाओं की सुविधा के लिए फीस काउंटर बनाए गए हैं।
एसडी पीजी महाविद्यालय पानीपत के प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि स्नातक कक्षाओं में दूसरे चरण में दाखिले के लिए फीस जमा करवाने का रविवार को अंतिम दिन है। अब तक दाखिले से वंचित दूसरी मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थी समय रहते फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर लें। दोनों वरियता सूची में दाखिले से वंचित विद्यार्थी 25 जुलाई को ओपन काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। युवाओं को ऑनलाइन फीस जमा कराने को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है।
आर्य महाविद्यालय पानीपत के प्राचार्य डाॅ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार दूसरी वरियता सूची के अनुसार विद्यार्थी रविवार को भी फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। कॉलेज में युवाओं की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त फीस काउंटर बनाए हैं।
बॉक्स
दाखिले की दौड़ में है करीब 17 हजार विद्यार्थी
जिले के महाविद्यालयों में करीब 14 हजार से अधिक सीटों पर दाखिले के लिए 17 हजार से अधिक विद्यार्थी लाइन में हैं। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10934 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 6167 विद्यार्थी शामिल हैं। शेड्यूल के अनुसार 20 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जानी थी, लेकिन देर रात को सूची जारी होने के बाद 21 जुलाई शुक्रवार को दाखिला प्रक्रिया सुचारू हो पाई।