पानीपत। भोड़वाल माजरी में आयोजित विशाल आध्यात्मिक समागम में दुनियाभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसलिए पानीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है। सुबह से देर रात तक यात्रियों का स्टेशन पर तांता लगा हुआ है। ट्रेन से कई श्रद्धालु दूर-दराज के राज्यों से पानीपत पहुंच रहे हैं और फिर यहां से आगे भोड़वाल माजरी के लिए रवाना हो रहे हैं।
जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के अनुसार पिछले दो दिनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी हो गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। 24 घंटे जवान ड्यूटी पर तैनात हैं ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेशन के हर प्लेटफॉर्म, मुख्य द्वार और टिकट घर के आसपास जवान तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ टीम यात्रियों के सामान की जांच कर रही है। स्टेशन पर डॉग स्क्वायड की टीम भी सक्रिय है जो हर संदिग्ध बैग या पार्सल की जांच कर रही है। स्टेशन पर यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है खासकर उन लोगों से जो संदिग्ध हालात में घूमते दिख रहे हैं। सिर्फ प्लेटफॉर्म ही नहीं बल्कि ट्रेनों के अंदर भी सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। ट्रेन में आरपीएफ के जवान जांच कर रहे हैं ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है। घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को सतर्क रहने, अपने सामान का ध्यान रखने और किसी अजनबी से बातचीत न करने की सलाह दी जा रही है। साथ ही उन्हें संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तुरंत जीआरपी या आरपीएफ को सूचित करने के लिए कहा जा रहा है।
समागम से आए सेवादार भी स्टेशन पर यात्रियों की सहायता कर रहे हैं। यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में सेवादार अपनी जिम्मेदारी निभा रहा हैं। ट्रेनों में भीड़ होने और यात्रियों के साथ ज्यादा सामान होने के कारण यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी हो रही है। ऐसे में सेवादार खुद यात्रियों का सामान उठाकर उनकी सहायता कर रहे हैं।
वर्जन :
भोड़वाल माजरी में समागम के चलते स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है और स्टेशन पर लगातार गश्त की जा रही है।
-राजेश कुमार, थाना प्रभारी जीआरपी।
वर्जन :
समागम के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। ऐसे में हमारी पूरी टीम लगातार ड्यूटी पर है और सुरक्षा को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
-दिनेश कुमार मीना, थाना प्रभारी आरपीएफ।