समालखा। ठगों ने नारायणा गांव के युवक से 99500 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने सिम कार्ड कंपनी का कर्मचारी बनकर कॉल की थी। ठगों ने युवक के मोबाइल को हैक कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव नारायणा निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसका जियो कंपनी का सिम कार्ड 26 दिसंबर को बंद हो गया था। उसने उपभोक्ता केंद्र में कॉल कर चालू करवा लिया था।इसके बाद चार जनवरी को उसका नंबर फिर बंद हो गया। उसने दोबारा फिर चालू करवा लिया। चार जनवरी को उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसके पास उपभोक्ता केंद्र से कॉल आएगी। उनके कहे अनुसार एक दबा देना, आपका नंबर बंद नहीं होगा। जब उसके पास कॉल आई। उसने कहे अनुसार एक नंबर वाला बटन दबा दिया। उसके बाद उसके मोबाइल से उसका नियंत्रण खत्म हो गया। उसके मोबाइल का कोई और इस्तेमाल करने लगा। उसे धोखाधड़ी का आभास हुआ तो वह बैंक में गया। जांच करने पर उसके खाते से 99500 रुपये निकले मिले। फिर उसने इसकी शिकायत समालखा पुलिस थाना में दी।