पानीपत में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। रविवार को तीन और केस पॉजिटिव आए हैं। इनमें हरीबाग कालोनी में 32 वर्षीय पुरुष, कलंदर चौक निवासी 53 वर्षीय पुरुष और राजीव कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। महज दो दिन में कोरोना के 13 नए केस सामने आ चुके हैं। 10 केस शनिवार को पॉजिटिव आए और रविवार को तीन और केस पॉजिटिव आने के बाद जिले में अब तक आए कोरोना पॉजिटिव की संख्या 26 हो गई है। सभी 13 लोगों को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां 4 डॉक्टरों की टीम इनका इलाज कर रही है। इनके संपर्क में आने वाले लगभग 90 लोगों के सैंपल लेकर उनको क्वारंटीन कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने तहसील कैंप और हरी बाग कॉलोनी में कंटेनमेंट प्लान बनाकर काम शुरू कर दिया है। यहां लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है और नए मिले तीनों केस की हिस्ट्री की भी जांच चल रही है।
बेटे के पॉजिटिव मिलने की खबर के बाद मां की मौत
पानीपत में बेटे के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलने पर उसकी माता की रविवार के तड़के कथित रूप से दहशत में आकर मौत हो गई। वहीं बुजुर्ग महिला करीब दस साल से अधरंग की रोगी थी और बिस्तर से नहीं उतर पाती थी, परिजनों ने महिला का अनेकों जगह उपचार करवाया, पर उन्हें आराम नहीं हुई। परिजनों ने कोरोना पीड़ित बेटे की अनुपस्थिति में लॉकडाउन की पालना करते हुए महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।
शनिवार की आधी रात 10 कोरोना पॉजिटिव खानपुर रैफर
शनिवार की आधी रात कोरोना पॉजिटिव आए दस रोगियों को एबुलेंस में सवार कर पीजीआई खानपुर रैफर किया गया। सभी कोरोना रोगियों का पीजीआई में उपचार शुरू कर दिया गया है। जबकि पूर्व में भर्ती करवाए गए सात रोगियों का हालत में सुधार हो रहा है। इनमें दो पॉजिटिव केस मां व बेटा है और पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य है, इनमें एक महिला पानीपत में व इसका भाई पुलिस में दिल्ली में सेवारत है।
रविवार को 140 लोगों की कोरोना टेस्ट को लिए गए सैंपल, पहले भेजे 29 सैंपल आए नेगेटिव
पानीपत के सिविल अस्पताल में रविवार को 140 नागरिकों के कोरोना वायरस की जांच के लिए सेंपल लिए गए। इनमें अधिकतर वे लोग है जो कोरोना रोग से पीड़ित पाए जाने वालों के संपर्क में आए हैं। पीजीआई खानपुर से पानीपत के 29 लोगों की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट का परिणाम नकारात्मक यानि नगेटिव आया है।
बीते दो दिन में 14 नए केस आने से रविवार को हुई बैठक
पानीपत में एक साथ 14 नए लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के मामले को लेकर प्रशासनिक, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच रविवार को बैठक हुई। बैठक में कोरोना वायरस से पीड़ित रोगियों के परिजनों को क्वारंटीन किए जाने व इनके क्षेत्रों में सील करने आदि को लेकर चर्चा हुई। हालांकि पानीपत प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के क्षेत्र को सील नहीं किया। जबकि इन क्षेत्रों को सैनिटाइज कराने का काम चालू करवाया गया है।
गोकुलधाम सोसायटी को कराया गया सैनिटाइज
नगर निगम के वार्ड-10 के पार्षद रविंद्र ने हुडा सेक्टर 11 की गोकुलधाम सोसायटी को सैनिटाइज करवाया। गोकुलधाम की निवासी युवती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने इस क्षेत्र को सील कर 30 लोगों को घर पर क्वारंटीन किया और रोगी युवती के परिजनों को सिविल अस्पताल में आइसोलेट किया गया।
तीन केस और पॉजिटिव आए हैं
सीएमओ सीएमओ डॉ संतलाल वर्मा ने बताया किरविवार को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार तीन केस पोजिटिव पाए गए हैं। हरीबाग कालोनी में 32 वर्षीय पुरुष, कलंदर चौक निवासी 53 वर्षीय पुरुष और राजीव कालोनी निवासी 65 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जिले में कोरोना वायरस से 1160 सैंपल अभी तक लिए गए हैं जिनमें से 880 की रिपोर्ट नेगटिव प्राप्त हुई है। 257 रिपोर्ट का परिणाम अभी प्राप्त नहीं हुआ है। होम क्वारंटीन के तहत 891 घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए हैं। इसके अलावा डोर-टू-डोर सर्वे के लिए 928 आशावर्कर भी लगाई गई हैं।