पानीपत। बापौली गांव में भलौर रोड पर आईटीआई के सामने बीच सड़क पर तलवार लहरा उपद्रव करने के मामले में पुलिस की सीआईए टू टीम ने मंगलवार को अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शहजाद व आकाश निवासी बापौली और सलमान निवासी जमुना विहार करनाल के रूप में हुई है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले पकड़े जा चुके अपने तीन साथी आरोपी दिलशाद निवासी बापौली, सोहेल उर्फ साहिल व शुभम उर्फ लंबू निवासी अधमी व वारदात में शामिल फरार अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकार। तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, एक लोहे की पाइप, एक डंडा बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उनकी जमानत हो गई।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी दिलशाद, सोहेल उर्फ साहिल व शुभम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार व दो बाइक बरामद कर पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया। आरोपी दिलशाद व सोहेल को जेल भेजा जा चुका है और आरोपी शुभम की जमानत हो गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दिलशाद, सोहेल व शुभम ने बताया था उसके दोस्त वाजिद की 24 अक्तूबर को आईटीआई के पास सड़क पर आने जाने वालों के साथ कहासुनी हो गई थी। वाजिद ने उन तीनों व अन्य साथियों को ये बात बताई। 26 अक्तूबर को वाजिद के साथ वह गांव निवासी आकाश व नौ दस अन्य साथी गंडासी, तलवार व डंडे लेकर बाइक पर सवार होकर भलौर रोड पर आईटीआई के सामने पहुंचे। वहां राहगीरों को गाली गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देकर उपद्रव मचाने की वारदात को अंजाम दिया। इस बारे थाना बापौली में मुख्य सिपाही सुभाष की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।