पानीपत। सेक्टर-24 में रविवार रात एक प्लंबर से लूटपाट हो गई। लिफ्ट लेने के बहाने एक युवक ने बाइक सवार पलंबर को रुकवाया। इसके बाद वहां दो और युवक आ धमके। तीनों ने उसके साथ हाथापाई करते हुए उससे मोबाइल फोन और बाइक छीन ली और फरार हो गए।
दीनानाथ कॉलोनी निवासी सतनाम उर्फ सोनू ने बताया कि वह पेशे से प्लंबर है। वह रविवार रात करीब नौ बजे कृष्णा गार्डन की तरफ से अपने घर बाइक पर जा रहा था। उसे जीटी रोड से होते हुए अनाजमंडी कट से नूरवाला जाना था। जब वह सज्जन चौक से पहले वाले चौक पर पहुंचा तो वहां एक अंजान युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। उसने लिफ्ट देने के लिए बाइक धीमी की। इसी दौरान वहां दो और युवक आ धमके, जिन्होंने आते ही उससे छीना-झपटी शुरू कर दी। तीनों आरोपी उससे मोबाइल फोन व बाइक छीन कर फरार हो गए। चांदनीबाग थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।