पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित श्याम मेडिकल स्टोर पर तैनात एक युवक पर पंच से हमला कर तीन बदमाशों ने 55 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बचाव के लिए आवाज लगाई तो स्थानीय महिलाओं ने मिलकर उसे छुड़ाया। तीनों बदमाश घायल युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मूलरूप से कैथल के गांव हाबड़ी निवासी संजीव ने बताया कि वह हाल में गांव सौंधापुर स्थित सुभाष कॉलोनी में रहता है। संजीव ने बताया कि वह श्याम क्लीनिक पर दवाइयों का काम सीखता है। वह 15 अगस्त को दुकान पर बैठा हुआ था। रात करीब 11 बजे पहले एक और फिर दो युवक आए। तीनों युवकों ने देर रात तक दुकान खोलने का कारण पूछा। उसने युवकों को जवाब दिया कि मेरी रात की ड्यूटी है। इतना कहते ही तीनों युवक आग बबूला हो गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने उसकी आंख पर पंच से हमला किया। दूसरे आरोपी ने उसकी जेब से 55 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों में एक युवक ने अपना नाम विकास और दूसरे ने रोहित बताया। उसने बचाव के लिए आवाज लगाई तो राहगीर महिलाओं और एक चौकीदार ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
सामान्य अस्पताल से किया पीजीआई रेफर, निजी अस्पताल में उपचाराधीन
घायल युवक को स्थानीय लोगों ने मिलकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच अधिकारी एसआई बंसीलाल और सिपाही संजय उसके बयान लेने पहुंचे। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई।
घायल युवक के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी