पानीपत में बुधवार देर रात रोहतक-पानीपत हाईवे पर हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। दो युवक सोनीपत जबकि एक पानीपत का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे रोहतक पानीपत हाईवे पर गांव कैत के पास सड़क किनारे तीनों दोस्त खड़े थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के लोग घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचें, जहां धर्मबीर ( 40) पुत्र रामधारी निवासी गांव पूठर इसराना, संदीप (32) पुत्र सतबीर निवासी गांव बनवासा सोनीपत और मोनू (25) पुत्र मामन निवासी गांव धुराना सोनीपत को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
वहीं एक अन्य सड़क हादसे में मतलौडा के गांव वैसर के पास हाइड्रा चालक ने सड़क किनारे टहल रहे 59 वर्षीय अधेड़ को टक्कर मार दी। चालक हाइड्रा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक गांव अहर निवासी ईश्वर के साले गांव कुराना निवासी सतबीर ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम को किसी निजी काम से अहर चौक गया था। इसी दौरान उसका जीजा ईश्वर भी अहर चौक पर आ गया। जीजा आगे और वह पीछे चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे हाइड्रा चालक ने उसे टक्कर मार दी। जीजा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई।