पानीपत। असंध रोड स्थित एक वाटर पार्क में नहाने गए जीजा-साले समेत तीन पर बाउंसर समेत 20 युवकों ने मिलकर चाकू व गंडासी से हमला कर दिया। उन्हें जातिसूचक शब्द भी कहे। आरोप है कि चार युवक वाटर पार्क में एंट्री कराने का दबाव बना रहे थे। उसने मना किया तो उन पर हमला कर दिया। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने घायल की शिकायत एससी-एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जाटल गांव निवासी टिंकू ने बताया कि वह 21 मई को दोपहर साढ़े तीन बजे अपने साले सफीदों निवासी अभिजीत और जाटल निवासी सुनील के साथ असंध रोड स्थित किंग लैंड वाटर पार्क में नहाने के लिए गए थे। वह जैसे ही एंट्री करने लगे तो वहां पहले से खड़े चार युवकों ने उसे एंट्री कराने को कहा। उसने एंट्री कराने से मना किया तो इसी रंजिश में चारों युवक उसके साथ हाथापाई करने लगे। वह किसी तरह अंदर नहाने के लिए चले गए। करीब एक घंटा बाद बाहर आए और अपनी बाइक पर सवार होकर घर जाने लगे तो चारों आरोपी बाहर अपने 15-20 साथियों संग खड़े थे। जिन्होंने बाइक अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया और उन पर लाठी-डंडे, चाकू व गंडासी से हमला कर दिया। टिंकू ने बताया कि उसके साले अभिजीत और सुनील ने उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्द कहे।
टिंकू ने बताया कि हमलावरों में एक नौल्था निवासी नवीन है। वह उसी वाटर पार्क में बाउंसर है। मारपीट के दौरान उसकी व उसके साले की गले की चांदी की चेन गुम हो गई। स्थानीय लोगों ने उनको सामान्य अस्पताल पहुुंचाया। परिजन ने उसे बरसत रोड स्थित एक अस्पताल में ले गए।