पानीपत। सीआईए वन पुलिस टीम ने हरिनगर में पैदल घर जा रहे युवक से मोबाइल फोन छिनने वाले एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फिरोज निवासी कासगंज यूपी हाल रामस्वरूप चौक, सिंटू निवासी भरीया लखीसराय बिहार हाल गंगाराम कॉलानी और तीसरे की पहचान नाबालिग के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक बाइक पर सवार होकर काबड़ी बाईपास पर घूम रहे है। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान बताई।
पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर रविवार की देर रात हरि नगर में मंडी के पास पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
मोबाइल स्नेचिंग की इस वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में विकास निवासी हरिनगर की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर नाबालिग आरोपी को बुधवार को सेक्टर 18 मोड़ से काबू किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया वे तीनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए तीनों ने मिलकर मोबाइल स्नेचिंग की। छीना गया मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर पुलिस ने बुधवार को आरोपी फिरोज व सिंटू को जेल भेज दिया जबकि नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया।